तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया

इनके द्वाराParswa Ansari, MD, Hofstra Northwell-Lenox Hill Hospital, New York
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया अप्रैल २०२३

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया आंतों के हिस्से में रक्त के प्रवाह में अचानक रुकावट है, जिससे गैंग्रीन और परफ़ोरेशन (पंचर) हो सकता है।

  • गंभीर एब्डॉमिनल दर्द अचानक विकसित होता है।

  • एंजियोग्राफ़ी से निदान किया जा सकता है।

  • एंजियोप्लास्टी या सर्जरी का उपयोग करके तत्काल उपचार करना पड़ता है।

(गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल आपात स्थितियों का विवरण देखें।)

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया के कई कारण हैं। सबसे आम हैं

  • धमनी एम्बोलिज्म

  • धमनी थ्रॉम्बस

धमनी का एम्बोलिज्म रक्त का क्‍लॉट या एथेरोस्क्लेरोटिक प्लाक सामग्री (धमनी में कोलेस्ट्रॉल और अन्य वसायुक्त पदार्थों का इकट्ठा होना) का टुकड़ा है जो हृदय या एओर्टा में अपनी मूल जगह से छोटी धमनियों (इस मामले में आंतों की) में चला जाता है।

धमनी का थ्रॉम्बस रक्त का क्‍लॉट है जो आंतों सहित धमनियों या शिराओं में अचानक बनता है, जिससे प्रवाह अवरुद्ध हो जाता है।

कभी-कभी प्रवाह पूरी तरह से अवरुद्ध नहीं होता है लेकिन हृदय का आउटपुट कम हो जाता है (जैसे हार्ट फेलियर या सदमे में) या कुछ दवाओं (जैसे कोकीन) के कारण रक्त वाहिकाएं संकरी हो जाती है। सामान्य तौर पर, 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को सबसे अधिक जोखिम होता है।

रक्त प्रवाह में 6 घंटे से अधिक समय तक रुकावट से आंत का प्रभावित क्षेत्र मर सकता है, जिससे आंतों के बैक्टीरिया व्यक्ति के सिस्टम पर आक्रमण कर सकते हैं। आंतों की मृत्यु होने पर आघात, अंग की विफलता और मृत्यु की संभावना होती है।

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया के लक्षण

सबसे पहले, व्यक्ति को आमतौर पर अचानक गंभीर पेट दर्द होता है। हालांकि, व्यक्ति को केवल हल्का दर्द आमतौर पर तब होता है जब डॉक्टर जांच के दौरान पेट पर दबाव डालते हैं (एपेंडिसाइटिस या डायवर्टीकुलाइटिस जैसे विकारों के विपरीत, जिसमें दबाने से दर्द और भी बदतर बन जाता है)।

बाद में, जैसे-जैसे आंत मरने लगती है, डॉक्टर द्वारा पेट की जांच से अधिक गंभीर दर्द होता है।

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया का निदान

  • डॉक्टर की जांच

  • एंजियोग्राफ़ी

यदि व्यक्ति में तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया के विशिष्ट लक्षण हैं या यदि पेट बहुत नरम है, तो डॉक्टर आमतौर पर व्यक्ति को तुरंत सर्जरी के लिए ले जाते हैं।

यदि एक्‍यूट मेसेंटेरिक इस्केमिया का निदान स्पष्ट नहीं है, तो डॉक्टर CT एंजियोग्राफ़ी या मेसेंटेरिक एंजियोग्राफ़ी करते हैं, जिससे वे आंतों को खून की आपूर्ति करने वाली धमनियों में रुकावटों को देख सकते हैं। CT एंजियोग्राफ़ी में, CT (कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी) और हाथ की शिरा में इंजेक्ट की जाने वाली रेडियोपैक डाई का उपयोग रक्त वाहिकाओं के चित्र बनाने के लिए किया जाता है। मेसेंटेरिक एंजियोग्राफ़ी में, एक छोटी लचीली ट्यूब (कैथेटर/नली) ग्रोइन की धमनी में और आंतों की धमनियों में डाली जाती है। रेडियोपैक डाई को कैथेटर के ज़रिए इंजेक्ट किया जाता है, ताकि धमनियों को एक्स-रे में देखा जा सके, जो उसी समय लिया जाता है। मैग्नेटिक रीसोनेंस एंजियोग्राफ़ी दूसरे प्रकार की एंजियोग्राफ़ी है, जिसे रक्त वाहिकाओं की विस्तृत तस्वीर प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है।

पेट के एक्स-रे या मैग्नेटिक रीसोनेंस इमेजिंग (MRI) अन्य परीक्षण हैं जो किए जा सकते हैं।

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया का उपचार

  • सर्जरी

  • एंजियोप्लास्टी और स्टेंट को लगाना

  • क्लॉटिंग रोकने के लिए दवाएं

यदि सर्जरी के दौरान मेसेंटेरिक इस्केमिया का निदान किया जाता है, तो रक्त वाहिका की रुकावट को कभी-कभी हटाया या बाईपास किया जा सकता है, लेकिन कई बार प्रभावित आंत को निकाल दिया जाना चाहिए।

यदि CT एंजियोग्राफ़ी या मेसेंटेरिक एंजियोग्राफ़ी में मेसेंटेरिक इस्केमिया का पता चलता है, तो डॉक्टर एंजियोप्लास्टी का उपयोग कर और एक स्टेंट लगाकर रक्त वाहिकाओं में रुकावट को दूर करने का प्रयास कर सकते हैं। एंजियोप्लास्टी में, एक छोटी लचीली ट्यूब (कैथेटर/नली) ग्रोइन की धमनी में और आंतों की धमनियों में डाली जाती है और एंजियोग्राफ़ी की जाती है। अगर रुकावट दिखाई देती है, तो कभी-कभी इसे कुछ दवाएँ इंजेक्ट करके, विशेष एंजियोग्राफ़ी कैथेटर का उपयोग करके रक्त के क्‍लॉट को बाहर खींच कर धमनी को खोला जा सकता है या इसे चौड़ा करने के लिए इसके अंदर छोटा सा गुब्बारा फुलाकर और फिर एक छोटी ट्यूब या निर्मित जाली (स्टेंट) लगाकर इसे खुला रखा जा सकता है। यदि डॉक्टर इन प्रक्रियाओं का उपयोग करके रुकावट को सफलतापूर्वक नहीं खोल पाते हैं, तो रुकावट खोलने या आंत के प्रभावित हिस्से को निकालने के लिए व्यक्ति की सर्जरी करनी होती है।

ठीक होने के बाद, कई लोगों को रक्त का थक्का जमने को रोकने के लिए दवा लेनी पड़ती है।

तीव्र मेसेंटेरिक इस्केमिया के लिए पूर्वानुमान

यदि डॉक्टर जल्दी निदान करते हैं और इलाज शुरू कर देते हैं, तो लोग आमतौर पर ठीक हो जाते हैं।

यदि निदान नहीं किया जाता है या यदि प्रभावित आंतों में से कुछ की मृत्यु होने तक उपचार शुरू नहीं किया जाता है, तो 70 से 90% लोगों की मौत हो जाती है। यदि छोटी आंत लगभग पूरी तरह से मर जाती है या निकाल दी जाती है तो व्यक्ति जीवित नहीं रह सकता है।