मशरूम (टोड्सटूल) से जुड़ी विषाक्तता

इनके द्वाराGerald F. O’Malley, DO, Grand Strand Regional Medical Center;
Rika O’Malley, MD, Grand Strand Medical Center
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया मई २०२२ | संशोधित जुल॰ २०२३

मशरूम की बहुत सी प्रजातियां विषाक्त होती हैं और मशरूम के प्रकार पर निर्भर करते हुए उनकी वजह से अलग-अलग लक्षण मिल सकते हैं।

  • मशरूम की अलग-अलग प्रजातियां अलग-अलग प्रभावों वाले विष उत्पन्न करती हैं।

  • यहां तक कि समान प्रजातियों में भी, विषाक्तता की संभावना उगने के अलग-अलग सीज़न में और खाना पकाने के अलग-अलग समय पर अलग-अलग होती है।

  • जानकार लोगों के लिए भी विषाक्त मशरूम को गैर-विषाक्त मशरूम से अलग करना मुश्किल होता है—सुनी-सुनाई बातें भरोसे के लायक नहीं होती हैं।

  • क्योंकि यह पहचानना बहुत मुश्किल हो सकता है कि लोगों ने कौन सा मशरूम खाया है, इसलिए डॉक्टर आमतौर पर बस लक्षणों के आधार पर लोगों का इलाज करते हैं।

(विषाक्तता का विवरण भी देखें।)

सभी विषाक्त मशरूम की वजह से उल्टी और पेट में दर्द होता है। अन्य लक्षण, मशरूम के प्रकार के आधार पर बहुत अलग होते हैं। आमतौर पर, ऐसे मशरूम जिन्हें निगलने के बाद, जल्दी लक्षण दिखाई दे सकते हैं (2 घंटों के अंदर) उन मशरूम की तुलना में कम खतरनाक होते हैं, जिनकी वजह से सिर्फ़ बाद में ही (आमतौर पर 6 घंटों के बाद ही) लक्षण दिखाई देते हैं।

क्या आप जानते हैं...

  • ऐसे मशरूम जिनकी वजह से निगलने के (2 घंटों के अंदर) बाद जल्दी लक्षण दिखाई देते हैं वे उन मशरूम की तुलना में कम खतरनाक होते हैं, जिनकी वजह से सिर्फ़ बाद में ही (लगभग 6 घंटों के बाद) लक्षण दिखाई देते हैं

शुरुआती गैस्ट्रोइन्टेस्टिनल लक्षण

ऐसे मशरूम जिनकी वजह से शुरुआती गैस्ट्रोइन्टेस्टिनल लक्षण दिखाई देते हैं (जैसे क्लोरिफ़िलम मॉलिब्डाइटिस और थोड़े भूरे मशरूम जो अक्सर लॉन में उगते हैं) जिनकी वजह से उल्टी और दस्त होते हैं, आमतौर पर 1 से 6 घंटों के अंदर दिखाई देते हैं। कभी-कभी खूनी दस्त भी होते हैं। कुछ लोगों में सिरदर्द या शरीर का दर्द होता है। लक्षण आमतौर पर 24 घंटों में समाप्त हो जाते हैं।

ऐसे शुरुआती लक्षण, जो मस्तिष्क और मेरुदंड को प्रभावित करते हैं

ऐसे मशरूम जिनकी वजह से शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं, जिनसे मस्तिष्क और मेरुदंड प्रभावित होते हैं, उनमें हेल्यूसिनोजेनिक मशरूम शामिल होते हैं, उनमें हैल्युसिनोजन सिलोसाइबिन होता है। सबसे आम हैं सिलोसाइब जीनस के सदस्य हैं, लेकिन कुछ अन्य मशरूम में भी सिलोसाइबिन होता है। निगलने के 15 से लेकर 45 मिनट की अवधि के बीच उनकी वजह से भी मतली और उल्टी होती है। इसके लक्षण निगलने के 20 से लेकर 90 मिनट के अंदर शुरू होते हैं और इनमें घबराहट, बहुत अधिक कल्पना करना और मतिभ्रम होना शामिल होते हैं। हृदय की धड़कनें तेज़ होना और ब्लड प्रेशर बढ़ना अक्सर विकसित हो जाते हैं और कुछ बच्चों में बुखार आ जाता है। हालांकि, ये लक्षण उपचार के बिना ही समाप्त हो जाते हैं और गंभीर लक्षण कम ही दिखाई देते हैं, इसलिए आमतौर पर विशेष उपचार की आवश्यकता नहीं होती है। हालांकि, अगर व्यक्ति बहुत अधिक उत्तेजित हो, तो डॉक्टर उसे सिडेटिव (जैसे लोरेज़ेपैम) दे सकता है।

ऐसे मशरूम के कारण होने वाले शुरुआती लक्षण, जिनमें मस्केरीन होती है

इनोसाइब की कई प्रजातियों और क्लिटोसाइब की कुछ प्रजातियों की वजह से होने वाली विषाक्तता की वजह मस्केरीन पदार्थ है। मस्केरीन ऐसा रसायन है, जो एसिटिलकोलिन की तरह का व्यवहार करता है, जो उन पदार्थों में से है, जिसका उपयोग, शरीर तंत्रिकाओं (न्यूरोट्रांसमीटर) के बीच संदेश भेजने के लिए करती है। ऐसे लक्षण, जो इसे खाने के 30 मिनट के अंदर शुरू होते हैं

  • आंसू और लार में बढ़ोतरी

  • पुतलियों का सिकुड़ जाना (संकुचन)

  • पसीना आना

  • उल्टी, पेट में मरोड़, दस्त

  • चक्कर आना

  • मांसपेशियों में अकड़न (फ़ेसिक्युलेशन)

  • भ्रम, कोमा, सीज़र्स (कभी-कभी)

हालांकि इनमें से कुछ लक्षण गंभीर हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश लोगों में सिर्फ़ हल्के लक्षण ही मिलते हैं, जो 12 घंटों की अवधि में खत्म हो जाते हैं। जिन लोगों में गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं, एसिटिलकोलिन को ब्लॉक करने वाली दवा इंट्रावीनस एट्रोपिन दी जाती है और लगभग सभी लोग 24 घंटों में इससे रिकवर हो जाते हैं। उपचार के बिना, गंभीर विषाक्तता के साथ कुछ ही घंटों में मृत्यु हो सकती है।

देर से होने वाले गैस्ट्रोइन्टेस्टिनल और दूसरे लक्षण

ऐसे मशरूम जिनकी वजह से देर से होने वाले गैस्ट्रोइन्टेस्टिनल लक्षण पैदा होते हैं, उनमें एमेनिटा फ़ैलोइड्स और इससे संबंधित प्रकार के मशरूम होते हैं (एमेनिटा, गाइरोमित्रा, और कॉर्टिनेरियस जेनेरा के सदस्य)।

एमेनिटा फ़ैलोइड्स की वजह से मशरूम की विषाक्तता से होने वाली 95% मौतें होती हैं। उल्टी और दस्त, 6 से लेकर 12 घंटों में शुरू होते हैं। कभी-कभी रक्त शर्करा का स्तर खतरनाक स्तर तक कम हो जाता है (हाइपोग्लाइसेमिया)। इसके लक्षण, कुछ दिनों के लिए समाप्त हो जाते हैं, लेकिन इसके बाद लोगों में लिवर खराब हो जाता है और कभी-कभी किडनी खराब हो जाती है। लिवर खराब होने की वजह से त्वचा का रंग पीला हो जाता है (पीलिया)। जिन लोगों की किडनी खराब हो जाती है, उनमें पेशाब रुक सकता है या उनकी पेशाब बंद हो सकती है। कभी कभी इसके लक्षण अपने आप समाप्त हो सकते हैं, लेकिन जिन लोगों को इस तरह की विषाक्तता होती है, उनमें से लगभग आधे लोगों की मौत 5 से लेकर 8 दिनों में हो जाती है। जिन लोगों का लिवर खराब हो जाता है, वे लिवर ट्रांसप्लांट किए जाने पर जीवित रह सकते हैं।

एमेनिटा स्मिथिएना मशरूम की वजह से देरी तक उल्टी और दस्त होते हैं (खाने के लगभग 6 से लेकर 12 घंटों तक)। मशरूम खाने के बाद 3 दिनों से लेकर 1 या 2 हफ़्तों के अंदर किडनी की खराबी हो सकती है और आमतौर पर लोगों को थोड़े समय के लिए हीमोडाइलिसिस की आवश्यकता होती है।

गाइरोमित्रा मशरूम की वजह से भी लोगों को उल्टी और दस्त होते हैं और रक्त शर्करा का स्तर कम हो जाता है। इसकी अन्य समस्याओं में मस्तिष्क की विषाक्तता (जैसे दौरे) और अक्सर कुछ दिनों के बाद, लिवर और किडनी की खराबी शामिल होती है।

अधिकांश कॉर्टिनेरियस मशरूम यूरोप में पैदा होते हैं। उल्टी और दस्त 3 दिनों तक चल सकते हैं। मशरूम खाने के बाद 3 से लेकर 20 दिनों के अंदर पार्श्व में दर्द और पेशाब की कम मात्रा के लक्षणों के साथ किडनी खराब हो सकती है। किडनी की खराबी अक्सर तुरंत ठीक हो जाती है।

मशरूम की कई प्रजातियां (जैसे ट्राइकोलोमा और रुसुला) की वजह से मांसपेशियों की देरी तक होने वाली खराबी (रैब्डोमायोलिसिस) की वजह बनती है, जो कुछ मामलों में जानलेवा होती है। इसका कोई विशिष्ट उपचार नहीं है, इसलिए डॉक्टर विशिष्ट लक्षणों का ही उपचार करने पर और लोगों को सहज बनाने पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

मशरूम की कुछ अन्य प्रजातियां (जैसे क्लिटोसाइब, हैपेलोपाइलस रुटिलांस, और प्लूरोसाइबेला पॉरिजेंस) की वजह से मस्तिष्क और तंत्रिकाओं के विकार होते हैं, जिनमें हाथों, उंगलियों, पैरों और/या पंजों का सुन्न हो जाना और उनमें ज्वलन, उनींदापन, देखने में कठिनाई, चेतना की स्थिति में बदलाव, दौरे और श्वास तंत्र खराबी व मौत हो सकती है।

अधिक जानकारी

निम्नलिखित अंग्रेज़ी-भाषा का संसाधन है जो उपयोगी हो सकता है। कृपया ध्यान दें कि इस संसाधन की विषयवस्तु के लिए मैन्युअल ज़िम्मेदार नहीं है।

  1. American Association of Poison Control Centers: अमेरिका स्थित विष केंद्रों का प्रतिनिधित्व करता है जो पॉइजन हेल्प लाइन (1-800-222-1222) के माध्यम से 24/7 मुफ़्त, गोपनीय सेवाएं प्रदान करता है