नाक के फ्रैक्चर

इनके द्वाराSam P. Most, MD, Stanford University Medical Center
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया मार्च २०२४

नाक की हड्डियाँ चेहरे की किसी अन्य हड्डी से अधिक बार टूटती हैं।

  • सामान्यतः, टूटी हुई नाक में खून आता है, वह दुखती है, और सूज जाती है।

  • टूटी हुई नाक की जांच करने के लिए, डॉक्टर नाक के ब्रिज का अवलोकन करते और उसे टटोलते हैं।

  • कभी-कभी डॉक्टरों को हड्डी के टूटे टुकड़ों को वापस उनकी जगह पर धकेलना पड़ता है।

जब नाक की हड्डी टूटती है, तो नाक को परत देने वाली म्यूकस मेम्ब्रेन फट सकती है, जिसके कारण नाक से खून आता है। आमतौर पर, नाक का ब्रिज एक ओर धकेल दिया जाता है। कभी-कभी नेज़ल सेप्टम का कार्टिलेज (रबर जैसा वह ऊतक जो नाक की खुली जगह को दो भागों में बाँटता है) एक ओर दब सकता है। यदि नेज़ल सेप्टम के कार्टिलेज को परत देने वाली मेम्ब्रेन के नीचे खून जमा हो जाता है (जिसे सेप्टल हेमाटोमा कहते हैं) तो कार्टिलेज नष्ट हो सकता है। नष्ट कार्टिलेज विघटित हो सकता है, जिसके कारण नाक का ब्रिज बीच में से शिथिल हो जाता है (जिसे सैडल नोज़ डिफ़ॉर्मिटी कहते हैं)।

सैडल नोज़ डिफ़ॉर्मिटी

सैडल नोज़ डिफ़ॉर्मिटी तब होती है जब नाक में कार्टिलेज नष्ट हो जाता है और विघटित होता है। परिणामस्वरूप, नाक का ब्रिज बीच में से शिथिल पड़ जाता है।

कभी-कभी जब नाक टूटती है, तो नाक को खोपड़ी से जोड़ने वाली हड्डियाँ क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इस क्षति के कारण दिमाग और स्पाइनल कॉर्ड के आस-पास का फ़्लूड (सेरेब्रोस्पाइनल फ़्लूड) बाहर रिसने लगता है। इस क्षति के कारण नाक के बैक्टीरिया दिमाग और स्पाइनल कॉर्ड के आस-पास की जगह में घुस सकते हैं और एक गंभीर संक्रमण (मेनिनजाइटिस) पैदा कर सकते हैं।

नाक के फ्रैक्चर के लक्षण

जिस व्यक्ति की नाक में किसी कुंद चोट के बाद खून बहता है, वह दुखती है, और सूजी हुई है और छूने पर दर्द करती है, तो उसकी नाक टूटी हुई हो सकती है। टूटी हुई नाक टेढ़ी दिख सकती है। कभी-कभी आँख के चारों ओर का क्षेत्र भी खरोंच लगा दिखता है। फ्रैक्चर के बाद नाक 3 से 5 दिन के लिए सूजी रहती है।

नाक के फ्रैक्चर का निदान

  • डॉक्टर की जांच

चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता होती है ताकि डॉक्टर सेप्टल हेमाटोमा, सेरेब्रोस्पाइनल फ़्लूड का रिसाव, और चेहरे की अन्य चोटें ढूँढ सकें जिनका इलाज तुरंत किया जाना आवश्यक हो।

साधारणतया, एक डॉक्टर टूटी हुई नाक की जांच आकार या अलाइनमेंट, हड्डियों के आसामान्य हिलने-डुलने, टूटी हड्डियों के आपस में टकराने के रूखे संवेदन, और छूने पर दर्द के लिए नाक के ब्रिज को धीरे से टटोलकर करता है।

नाक के एक्स-रे आमतौर पर नहीं किए जाते क्योंकि वे फ्रैक्चर को जांचने के लिए सटीक नहीं होते या किस इलाज की आवश्यकता है ये संकेत देने में मददगार नहीं होते। यदि डॉक्टर को चेहरे की अन्य हड्डियों में या खोपड़ी में किसी चोट का संदेह हो, तो वे कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी (CT) करते हैं।

क्या आप जानते हैं...

  • नाक की हड्डी के अधिकतर फ्रैक्चर के लिए, एक्स-रे से अधिक सटीक निदान, किसी डॉक्टर द्वारा परीक्षण होता है।

नाक के फ्रैक्चर का इलाज

  • दर्द और सूजन को दूर करना

  • सेप्टल हेमाटोमा को जल्दी खाली करना

  • कभी-कभी फ्रैक्चर वाली हड्डियों को फिर से पंक्तिबद्ध करना

दर्द और सूजन का इलाज

2 दिन तक बर्फ से (हर 2 घंटे में 15 मिनट के लिए) सिकाई करने, दर्द निवारक दवाएँ (जैसे कि एसीटामिनोफ़ेन) लेने और सिर को ऊँचा रखकर सोने से दर्द और सूजन को कम करने में मदद मिलती है।

हेमाटोमा का इलाज

सेप्टल हेमाटोमा को जल्द से जल्द सुखा दिया जाता है। कार्टिलेज को टूटने से बचाने के लिए खून को साफ़ ज़रूर किया जाना चाहिए।

फ्रैक्चर का इलाज

फ्रैक्चर खुद भी ठीक हो सकता है। चोट लगने के बाद डॉक्टर सूजन उतरने तक 3 से 5 दिन का इंतज़ार करते हैं, इसके बाद ही वे हड्डी के टूटे टुकड़ों को उनकी जगह पर खिसकाते हैं (जिसे रिडक्शन कहा जाता है)। इंतज़ार करने पर डॉक्टर को यह देखने और महसूस करने में आसानी होती है कि टुकड़े कब सटीक रूप से अलाइन हो गए हैं। नाक के कई फ्रैक्चर, अलाइनमेंट में गड़बड़ी नहीं करते हैं और उन्हें रिड्यूस नहीं करना पड़ता है।

सबसे पहले डॉक्टर वयस्कों को लोकल एनेस्थेटिक देते हैं, जिससे वह जगह सुन्न पड़ जाती है। बच्चों को सामान्य एनेस्थेटिक दिया जाता है, जिससे वे कुछ समय के लिए बेहोश को जाते हैं। अपनी उंगलियों से दबाकर और नाक में डले उपकरण से ऊपर उठाकर, डॉक्टर इन हड्डियों को उनकी सामान्य स्थिति में लेकर आते हैं। इसके बाद नाक को बाहरी स्प्लिंट की सहायता से स्थिर रखा जाता है। डॉक्टर को नाक में गेज (रुई) डालनी पड़ सकती है (आंतरिक पैकिंग)। संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए पैकिंग के साथ ही एंटीबायोटिक्स भी दिए जाते हैं। नाक की हड्डी के फ्रैक्चर लगभग 6 हफ़्तों में ठीक हो जाते हैं।