अंग-विच्छेदन के बाद पुनर्वास

इनके द्वाराZacharia Isaac, MD, Brigham and Women's Hospital
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया दिस॰ २०२३

सर्जरी से पहले, सर्जन, प्रोस्थेटिस्ट, और फिज़िकल थेरेपिस्ट उस व्यक्ति के साथ, जिसका अंग-विच्छेदन किया जाना है, मिलकर योजनाओं और लक्ष्यों की चर्चा करते हैं। प्रोस्थेटिस्ट वह विशेषज्ञ होता है जो नकली अंगों (कृत्रिम अंग) को फ़िट करता है, बनाता है, और समायोजित करता है तथा उन्हें उपयोग करने के तरीके के बारे में सलाह देता है। पुनर्वास में उपयोग किए जाने वाले व्यायामों को अंग-विच्छेदन से पहले शुरू किया जा सकता है। (पुनर्वास का विवरण और कृत्रिम हाथ-पैर के विज्ञान का विवरण भी देखें।)

किसी अंग (बाजू या टांग) के लिए प्रोस्थेसिस में बने कठोर ढांचे (अंतरापृष्ठ) में एक सॉकेट लगा होता है, घटक होते हैं, और एक आवरण होता है। इसका अंतरापृष्ठ का भाग प्रोस्थेसिस को शरीर में लगाने में सहायता करता है। घटकों में टर्मिनल डिवाइस (जैसे कृत्रिम हाथ, टांग, उंगलियां, या अंगूठे) और कृत्रिम जोड़ शामिल होते हैं।

भुजा (ऊपरी-अंग) विच्छेदन

अधिकांश भुजा विच्छेदन किसी काम में लगने वाली चोटों के परिणामस्वरूप होती है। ऐसा कभी-कभी ही होता है कि किसी विकार (जैसे कैंसर) का उपचार करने के लिए पूरी बाजू को या उसके एक भाग को सर्जरी द्वारा निकाल दिया जाए। बाजू में कोहनी के निचले भाग को, या कोहनी के ऊपरी भाग को, या कंधे से ही बाजू को काटा जा सकता है। अथवा हाथ या एक या अधिक अंगों को काटा जा सकता है।

भुजा विच्छेदन के बाद, अधिकांश लोग नकली बाजू लगवाने योग्य होते हैं (ऊपरी-अंग के लिए प्रोस्थेसिस)। घटकों में उंगलियां, एक हुक या हाथ, एक कलाई की यूनिट, और, कोहनी-के-ऊपरी भाग के विच्छेदन के लिए, एक कोहनी की यूनिट शामिल हो सकती है। हुक या हाथ को हिलाने की क्रिया को कंधों की मांसपेशियों को हिलाने की क्रिया द्वारा नियंत्रित किया जाता है। हुक अधिक क्रियाशील हो सकता है, लेकिन अधिकांश लोग हाथ जैसे दिखने वाले उपकरण को पसंद करते हैं। कोहनी-के-निचले भाग के कृत्रिम अंग की तुलना में कोहनी-के-ऊपरी भाग के कृत्रिम अंग को नियंत्रित करना अधिक जटिल होता है। नए कृत्रिम अंग भी विकसित किए जा रहे है जिन्हें माइक्रोप्रोसेसर द्वारा नियंत्रित किया जाता है और मायोइलेक्ट्रिक (व्यक्ति की मांसपेशियों द्वारा उत्पादित ऊर्जा का उपयोग करना) रूप से संचालित किया जाता है, जो लोगों को अधिक सटीकता के साथ क्रियाएं करने में सक्षम बनाते हैं। बायोनिक घटक, लोगों को और भी बेहतर गतिविधि करने में समर्थ बनाते हैं।

पुनर्वास में सामान्य कंडीशनिंग व्यायाम और कंधे व कोहनी को स्ट्रेच करने और बाजू की मांसपेशियों को मज़बूत बनाने वाले व्यायाम शामिल हैं। ऊर्जावर्द्धक व्यायामों की भी आवश्यकता पड़ सकती है। निर्दिष्ट किया गया विशेष व्यायाम कार्यक्रम इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति का एक हाथ काटा गया है या दोनों और बाजू का कितना हिस्सा काटा गया है। लोग दैनिक गतिविधियों को करने के लिए कृत्रिम अंगों, सहायक उपकरणों, या शरीर के अन्य भागों (जैसे मुंह और पांव) का उपयोग करने का तरीका सीखते हैं।

क्या आप जानते हैं...

  • जो लोग अंग विहीन हैं वे माइक्रोप्रोसेसर वाले कृत्रिम अंगों या उन जैव इलेक्ट्रॉनिकी युक्त अंगों को चुन सकते हैं जो हिलाने की क्रियाओं के लिए अधिक सटीक नियंत्रण प्रदान करते हैं।

टांग (निचला-अंग) का विच्छेदन

ये विच्छेदन लगभग समान रूप से कोई चोट लगने (जैसे मोटर वाहन से टकराने पर या लड़ाई-झगड़े के दौरान) के कारण या किसी विकार (एथेरोस्क्लेरोसिस या डायबिटीज के कारण परिसंचरण में कमी) की जटिलता का उपचार करने के लिए की गयी सर्जरी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप हो सकते हैं। टांग में घुटने के नीचे के भाग को, या घुटने के ऊपरी भाग को, या कूल्हे से ही टांग को काटा जा सकता है। अथवा पूरे पैर या पैर की एक या अधिक अंगुलियों को काटा जा सकता है।

टांग विच्छेदन के बाद, अधिकांश लोग नकली टांग लगवाने के योग्य होते हैं (निचले-अंग के लिए प्रोस्थेसिस)। घटकों में पांव के अंगूठे-उंगलियां, पांव, और, घुटने-के ऊपरी भाग के विच्छेदन के लिए, एक घुटने की यूनिट शामिल हो सकती है। नए कृत्रिम अंग जिन्हें माइक्रोप्रोसेसर द्वारा नियंत्रित किया जाता है और मायोइलेक्ट्रिक रूप से संचालित किया जाता है या जैव इलेक्ट्रॉनिकी घटकों से युक्त कृत्रिम अंग लोगों को अधिक सटीकता के साथ क्रियाएं करने में सक्षम बनाते हैं।

पुनर्वास में सामान्य कंडीशनिंग व्यायाम और कूल्हे व घुटने को स्ट्रेच करने और बाजू व टांग की सभी मांसपेशियों को मज़बूत बनाने वाले व्यायाम शामिल हैं। लोगों को जितनी जल्दी हो सके खड़े होने और पैरलल बार के साथ संतुलन व्यायाम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। ऊर्जावर्द्धक व्यायामों की आवश्यकता पड़ सकती है। निर्दिष्ट किया गया विशेष कार्यक्रम इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति की एक टांग काटी गई है या दोनों और टांग का कितना हिस्सा काटा गया है।

विच्छेदित अंग के पास की या कूल्हे अथवा घुटने के जोड़ पर स्थित मांसपेशियाँ छोटी हो जाती हैं। यह छोटा होना (जिसे क्रॉन्ट्रेक्चर कहा जाता है) आमतौर पर लंबे समय तक कुर्सी या व्हीलचेयर पर बैठे रहने या बिस्तर पर सीध में न लेटने के कारण होता है। क्रॉन्ट्रेक्चर गति सीमा को सीमित कर देते हैं। यदि कॉन्ट्रेक्चर गंभीर होता है, तो हो सकता है कृत्रिम अंग ठीक से फ़िट न हो, या हो सकता है कि व्यक्ति कृत्रिम अंग का उपयोग करने में अक्षम हो जाए। थेरेपिस्ट और नर्सें व्यक्ति को क्रॉन्ट्रेक्चर रोकने के तरीके सिखाते हैं।

थेरेपिस्ट यह सीखने में लोगों की मदद करते हैं कि बाकी हाथ-पैर (स्टम्प) को कैसे ठीक किया जाए, जिससे सिकुड़ने की सामान्य प्रक्रिया को बढ़ावा मिलता है। प्रोस्थेसिस फ़िट करने से पहले बचे हुए हाथ-पैर को सिकोड़ना आवश्यक है। एक इलास्टिक श्रिंकर या बैंडेज को 24 घंटे तक लगाकर रखने से बाकी हाथ-पैर को आकार देने और ऊतकों में फ़्लूड जमने से रोकने में मदद मिल सकती है। काटने के बाद जल्दी ही, लोगों को एक अस्थायी प्रोस्थेसिस दिया जा सकता है, ताकि वे जल्दी ही चलना शुरू कर सकें जिससे बाकी हाथ-पैर को सिकुड़ने में मदद मिलती है। एक अस्थायी प्रोस्थेसिस के साथ, लोग पैरलल बार पर चलने-फिरने वाले व्यायाम शुरू कर सकते हैं और जब तक कि एक स्थायी प्रोस्थेसिस नहीं बना लिया जाता है तब तक आगे के लिए बैसाखियों या छड़ी के साथ पैदल चलना शुरू कर सकते है। कभी-कभी लोग प्रोस्थेसिस को स्थायी घटकों लेकिन अस्थायी सॉकेट और ढ़ांचे के साथ उपयोग करते हैं। चूंकि कुछ अंग वैसे ही रहते हैं, इसलिए लोग नए अंगों के बहुत जल्दी अभ्यस्त हो जाते हैं।

यदि स्थायी प्रोस्थेसिस को बचे हुए हाथ-पैर के सिकुड़ने से पहले बना लिया जाता है, तो इसे आरामदेह बनाने के लिए और लोगों को अच्छी तरह से पैदल चलने में सक्षम बनाने के मकसद से समायोजित करने की आवश्यकता पड़ सकती है। स्थायी प्रोस्थेसिस आम तौर पर काटने के बाद बचे हुए हाथ-पैर को पूरी तरह से सिकुड़ने का समय देने के लिए कई सप्ताह बाद बनाया जाता है।

जब लोगों को प्रोस्थेसिस मिलता है, तब उन्हें इसका उपयोग करने की निम्नलिखित मूल बातें सिखाई जाती हैं:

  • प्रोस्थेसिस को कैसे पहनना है

  • इसे कैसे उतारना है

  • इसके साथ कैसे चलना है

  • प्रोस्थेसिस और बचे हुए हाथ-पैर की त्वचा का खयाल कैसे रखना है

विशेष रूप से विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा प्रशिक्षण समान्यतः जारी रहता है। एक फिज़िकल थेरेपिस्ट ताकत, संतुलन, लचीलेपन, और कार्डियोवैस्कुलर फ़िटनेस को सुधारने के लिए व्यायामों का एक कार्यक्रम तैयार करता है। थेरेपिस्ट लोगों को प्रोस्थेसिस के साथ चलने के तरीके के बारे में और अधिक सिखाता है। पैदल चलने की क्रिया प्रत्यक्ष सहायता से आरंभ होती है और फिर वॉकर के साथ, उसके बाद छड़ी के साथ आगे बढ़ सकते हैं। कुछ ही सप्ताह में, अधिकतर लोग बिना छड़ी के चलने लगते हैं। थेरेपिस्ट उन्हें सीढ़ियां का उपयोग करना, टीलों पर ऊपर-नीचे जाना, और अन्य असमतल सतहों को पार करना सिखाता है। युवा लोगों को दौड़ना और ऐथलेटिक गतिविधियों में भाग लेना सिखाया जा सकता है। उन लोगों के लिए प्रगति धीमी और बहुत ही सीमित होती है जिनका घुटने-का-ऊपरी भाग कटा है, जो वृद्ध हैं, और जो कमज़ोर या काफी कम प्रेरित हैं।

घुटने-के-ऊपरी भाग के विच्छेदन के लिए जो प्रोस्थेसिस चाहिए होता है, उसका वजन घुटने-के-निचले भाग के विच्छेदन के लिए प्रोस्थेसिस से कहीं ज़्यादा होता है, और एक कृत्रिम घुटने के जोड़ को नियंत्रित रखने के लिए कौशल चाहिए होता है। घुटने-के-निचले भाग के विच्छेदन के बाद पैदल चलने के लिए 10 से 40% अधिक ऊर्जा चाहिए होती है तथा घुटने-के-ऊपरी भाग के विच्छेदन के बाद चलने के लिए 60 से 100% अधिक ऊर्जा चाहिए होती है।

शेष बचे हाथ-पैर की देखभाल (स्टम्प)

प्रोस्थेसिस के सॉकेट के संपर्क में आने वाली त्वचा को खराब होने और त्वचा को संक्रमण से बचाने के लिए, उसकी देखभाल और सावधानीपूर्वक जांच की जानी चाहिए (शेष बचे हाथ-पैर की त्वचा की देखभाल देखें)। 

चूंकि टांग के प्रोस्थेसिस को केवल पैदल चलने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, इसलिए लोगों को सोने से पहले इसे उतार देना चाहिए। सोते समय, बाकी बचे हाथ-पैर की ध्यान से जाँच की जानी चाहिए (यदि व्यक्ति खुद जाँच कर रहा है, तो आइने के साथ करे), उसे सौम्य साबुन और हल्के गर्म पानी से साफ़ करना चाहिए और अच्छी तरह सुखा लेना चाहिए, फिर पाउडर छिड़क लेना चाहिए।

यदि कोई समस्याएं आती हैं, तो लोगों को उस समस्या का उपचार करना चाहिए:

  • शुष्क त्वचा: बाकी बचे हाथ-पैर पर लैनोलिन या पेट्रोलेटम लगाएँ

  • बहुत अधिक पसीना आना: सुगंध-रहित स्वेदरोधी लगाएं

  • सूजी हुई त्वचा: जलन पैदा करने वाली चीज़ को तुरंत हटा दें और पाउडर या कम प्रभाव की कॉर्टिकोस्टेरॉइड क्रीम या मरहम लगाएँ

  • फटी त्वचा: जब तक घाव नहीं भरता तब तक प्रोस्थेसिस न पहनें और डॉक्टर को दिखाएं

प्रोस्थेसिस और त्वचा के बीच में एक मोजा और/या लाइनर पहना जाना चाहिए। मोजे और लाइनर को प्रतिदिन धोया जाना चाहिए, और सॉकेट के अंदर के भाग को साफ़ करने के लिए सौम्य साबुन का उपयोग किया जा सकता है।

कृत्रिम अंग आमतौर पर जल-रोधी नहीं होते। यदि प्रोस्थेसिस का कोई भाग गीला हो जाता है, तो उसे तुरंत पूरी तरह से सुखा लेना चाहिए। लेकिन इसे सुखाने के लिए ताप का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। यदि लोग प्रोस्थेसिस पहने हुए तैराकी करना चाहते हैं या शावर लेना चाहते हैं, तो वे एक पानी में डाले जाने योग्य प्रोस्थेसिस ले सकते हैं।

दर्द

किसी बाजू या टांग को काटने के बाद, लोगों को ऐसा दर्द महसूस हो सकता है जो काटे गए हाथ-पैर के दर्द (हाथ-पैर का आभासी दर्द) जैसा लगता है। दर्द वास्तविक है, लेकिन इसका स्थान गलत है। हाथ-पैर का आभासी दर्द होने की संभावना तब अधिक होती है, यदि काटने से पहले का दर्द गंभीर था या लंबे समय तक रहा था। हाथ-पैर का आभासी दर्द अक्सर काटने के तुरंत बाद अधिक गंभीर होता है और फिर समय के साथ कम होता जाता है। बहुत से लोगों के लिए, हाथ-पैर का आभासी दर्द आम तौर पर तब अधिक होता है, जब वे प्रोस्थेसिस नहीं पहनते हैं (उदाहरण के लिए, रात के समय)। यदि सर्जरी के दौरान स्पाइनल एनेस्थेटिक और सामान्य एनेस्थेटिक का उपयोग किया जाता है, तो इस तरह के दर्द होने का जोखिम कम हो जाता है।

कुछ लोगों को हाथ-पैर में आभासी संवेदना का अनुभव होता है, जो दर्दनाक नहीं होता लेकिन इससे ऐसी अनुभूति होती है कि जैसे विच्छेदित अंग अभी भी मौजूद है। जब कटी हुई टांग वाले लोगों को यह अनुभूति होती है, तो वे भूल में खड़े हो सकते हैं (और इस वजह से गिर सकते हैं)। यह अनुभव आमतौर पर रात के समय होता है जब लोग शौचालय के लिए जागते हैं। हाथ-पैर की आभासी संवेदना, हाथ-पैर के आभासी दर्द की तुलना में अधिक आम होती है।

बचा हुआ हाथ-पैर अपने आप में दर्दनाक हो सकता है। बाकी हाथ-पैर पर मसाज करने से कभी-कभी इस दर्द से राहत मिलती है। दर्द संक्रमण के कारण या त्वचा छिलने की वजह से हो सकता है (त्वचा खराब होना)। ऐसी स्थितियों में, लोगों को डॉक्टर को दिखाने की ज़रूरत पड़ सकती है।

अधिक जानकारी

निम्नलिखित अंग्रेजी भाषा के संसाधन उपयोगी हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इन संसाधनों की सामग्री के लिए मैन्युअल ज़िम्मेदार नहीं है।

  1. Amputee Coalition: हाथ-पैर की विहीनता की रोकथाम को बढ़ावा देने और हाथ-पैर की विहीनता से प्रभावित लोगों के लिए शिक्षण, सहायता, और समर्थन प्रदान करने के विषय में जानकारी

  2. U.S. Department of Veterans Affairs: Rehabilitation and Prosthetic Services: मेडिकल पुनर्वास और कृत्रिम अंग एवं संवेदक साधन सेवाओं के लिए राष्ट्रीय नीतियों और कार्यक्रमों से संबंधित संसाधन, जो अक्षमताओं से ग्रस्त वयोवृद्ध लोगों के लिए स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और जीवन गुणवत्ता को बढ़ावा देते हैं