आँख की कुंद चोटें

इनके द्वाराThe Manual's Editorial Staff
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया फ़र॰ २०२४

आँख की कुंद चोट क्या होती है?

आँख की कुंद चोट उस प्रकार की चोट होती है जिसमें आपको आँख में ज़ोर से लग जाती है, आमतौर पर किसी वस्तु द्वारा जैसे कोई गेंद।

आँख की कुंद चोट आपकी पलकों, आँख की पुतली, और आपकी आँख की पुतली के पीछे की पतली हड्डियों को क्षति पहुँचा सकती है।

आँख के भाग

आँख की कुंद चोटों के क्या लक्षण होते हैं?

लक्षण इस पर निर्भर होते हैं कि आपकी आँख के कौन से हिस्सों को चोट लगी है।

बहुत सी आँख की कुंद चोटों में पलकें और आँख के आस-पास के ऊतक शामिल होते हैं। इसके परिणाम ये हो सकते हैं:

  • चोट के निशान और सूजन (काली आँख)

  • पलक में या आपकी आँख के आस-पास की त्वचा में कटाव

  • आपकी आँख के सफ़ेद हिस्से में लालपन

कभी-कभी, आपकी आँख की पुतली क्षतिग्रस्त हो जाती है। हो सकता है आपके कॉर्निया पर खरोंच हो (आपकी आँख के बीच वाले भाग पर एक पारदर्शी परत)। लेंस पर लगने से वह ढीला हो सकता है। आपकी आँख में अंदरूनी खून बह रहा हो। आपकी आँख के पीछे की पतली परत जो छवियाँ बनाती है (रेटिना) वह फट कर ढीली (अलग हुई रेटिना) हो सकती है। कभी-कभी, आपकी आँख की पुतली फट भी जाती है। आँख की पुतली की चोटों के कारण दर्द और निम्न लक्षण होते हैं:

  • धुंधला दिखाई देना

  • दोहरी दृष्टि (हर चीज़ दो दिखना)

  • अंधापन

कभी-कभी कुंद चोटें आपकी आँख की पुतली को इतने ज़ोर से दबा देती हैं कि आपकी आँख के कोटर के पीछे की पतली हड्डियाँ टूट जाती हैं। इसे ब्लोआउट फ्रैक्चर कहते हैं, जिसके कारण दर्द और कभी-कभी ऐसा होता है:

  • आपकी आँख अंदर धँसी हुई लगती है

  • आपको ऊपर देखने में कठिनाई होती है

  • आपकी आँख के ठीक नीचे आपका गाल सुन्न हो जाता है

डॉक्टर कैसे बता सकते हैं कि एक कुंद आँख की चोट के कारण कितनी क्षति पहुँची है?

आपका डॉक्टर आपकी दृष्टि की जांच करेगा और आँख का परीक्षण करेगा। यदि आपको अधिक सूजन है, तो डॉक्टर के लिए आपकी आँखों का परीक्षण करना कठिन होगा। आपको तुरंत ही किसी ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट (आँख की समस्याओं का विशेषज्ञ डॉक्टर) के पास जाने की आवश्यकता हो सकती है। ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट विशेष उपकरणों के साथ आपकी आँख का परीक्षण करेगा और हो सकता है कि वह अधिक जानकारी पाने के लिए CT स्कैन का आदेश दे।

डॉक्टर आँख की कुंद चोटों का इलाज कैसे करते हैं?

इलाज आपकी आँख की विशिष्ट चोटों पर निर्भर होता है लेकिन आमतौर पर इसमें ये सब शामिल होता है:

  • आइस पैक

  • दर्द निवारक दवा

आँख में खून आने पर आराम करने की आवश्यकता हो सकती है ताकि खून बहने की स्थिति अधिक न बिगड़े।

आँख की कुछ चोटों में सर्जरी की आवश्यकता होती है।