हीटस्ट्रोक

इनके द्वाराDavid Tanen, MD, David Geffen School of Medicine at UCLA
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया मार्च २०२३

हीटस्ट्रोक एक जानलेवा स्थिति है जिसकी वजह से शरीर का तापमान बहुत ज़्यादा हो जाता है और कई अंग प्रणालियाँ ठीक से काम नहीं करतीं, जो घातक हो सकता है।

(गर्मी के विकारों का विवरण भी देखें।)

  • हीटस्ट्रोक युवा खिलाड़ियों में परिश्रम करने के कई घंटो बाद विकसित हो सकता है या बहुत बूढ़े लोगों में तब हो सकता है जब वे गर्म मौसम में किसी बिना एयर-कंडिशनिंग वाले कमरे में कई दिनों तक रहें।

  • शरीर का तापमान 104°F (40°C) से अधिक होता है, और दिमाग काम करना बंद कर देता है।

  • लोगों को तुरंत ठंडक पहुँचानी चाहिए।

हीटस्ट्रोक गर्मी से होने वाली बीमारीयों का सबसे गंभीर रूप होता है। हीटस्ट्रोक से पीड़ित लोग गर्मी के दूसरे विकारों से पीड़ित लोगों की अपेक्षा कहीं ज़्यादा बीमार होते हैं। निम्नलिखित विशेषताएँ हीटस्ट्रोक को विशेष रूप से गर्मी के दूसरे विकारों से अलग करती हैं:

  • शरीर का तापमान आमतौर पर 104°F (40°C) से अधिक होता है

  • दिमाग के ठीक से काम न करने के लक्षण विकसित हो जाते हैं

जब लोग अत्यंत गर्म या बंद, गर्म वातावरण में परिश्रम करते हैं तो हीटस्ट्रोक काफी तेज़ी से हो जाता है। उदाहरण के लिए, हीटस्ट्रोक युवा, स्वस्थ खिलाड़ियों और सैनिकों में, विशेषकर उनमें जो अनुकूलित नहीं हुए हैं, गर्म, आर्द्र मौसम में कुछ ही घंटो के परिश्रम के बाद विकसित हो सकता है। गर्म वातावरण में काम करने वाले, विशेषकर दमकलकर्मी और भट्टियों के कामगार, जिन्हें भारी सुरक्षात्मक वस्त्र पहनने पड़ते हैं, समान रूप से जोखिम में होते हैं। हीटस्ट्रोक खिलाड़ियों में मृत्यु का आम कारण होता है।

गर्म मौसम के दौरान कुछ दिनों में हीटस्ट्रोक विकसित हो सकता है जब लोग, विशेषकर बूढ़े निष्क्रिय लोग, ऐसे कमरों में रुकते हैं जो कम हवादार हों और एयर-कंडिशन न हों। बूढ़े लोग, वे लोग जिन्हें कुछ बीमारियाँ हों (जैसे कि वे बीमारियाँ जिनमें हृदय, फेफड़े, किडनी, या लिवर का ठीक से काम न करना शामिल हो), और छोटे बच्चे हीटस्ट्रोक के प्रति सबसे संवेदनशील होते हैं। यह गर्म कार में छोड़ दिए गए बच्चों में तेज़ी से हो सकता है।

हीटस्ट्रोक इसलिए होता है क्योंकि अत्यंत गर्मी की स्थितियों में शरीर गर्मी को पर्याप्त तेज़ी से बाहर नहीं निकाल पाता। चूँकि शरीर स्वयं को ठंडा नहीं रख पाता, शरीर का तापमान ख़तरनाक रूप से ऊँचे स्तरों तक तेज़ी से बढ़ता रहता है। ऐसी बीमारियाँ जो गर्मी छोड़ने में व्यवधान करती हैं, जिनमें कुछ त्वचा के विकार और दवाएँ शामिल हैं जिनसे पसीना आना कम हो जाता है, वे जोखिम बढ़ा देती हैं।

हीटस्ट्रोक महत्वपूर्ण अंगों को अस्थायी या स्थायी रूप से क्षति पहुँचा सकता है, जैसे कि हृदय, फेफड़े, किडनी, लिवर, और दिमाग को। तापमान जितना अधिक, विशेष रूप से जब 106°F (41°C) से ऊँचा होता है, समस्याएँ उतनी ही तेज़ी से विकसित होती हैं। मृत्यु हो सकती है।

हीटस्ट्रोक के लक्षण

चक्कर आना, सिर-चकराना, कमज़ोरी, सुस्ती और समन्वय बिगड़ना, थकान, सिरदर्द, धुंधली दृष्टि, मांसपेशी का दर्द, मितली, और उल्टियाँ होना (जो हीट एक्ज़ॉशन के लक्षण भी हैं) हीटस्ट्रोक की चेतावनी देने वाले सामान्य लक्षण होते हैं। पीड़ित लोगों को पता नहीं चलता कि शरीर का तापमान अत्यधिक बढ़ गया है।

हीटस्ट्रोक के दौरान, त्वचा गर्म, लाल, और कभी-कभी शुष्क हो जाती है। गर्मी के बावजूद, पसीना आ सकता है या नहीं भी आ सकता है।

दिमाग के ठीक काम न करने के कारण, लोग भ्रमित और दिशाहीन हो सकते हैं और उन्हें दौरा पड़ सकता है या कोमा में जा सकते हैं। हृदय गति और सांस लेने की गति तेज़ हो जाती है। धड़कन प्रायः तेज़ होती है। ब्लड प्रेशर ज़्यादा या कम हो सकता है।

शारीरिक तापमान आमतौर पर 104°F (40°C) से बढ़ जाता है और इतना ऊँचा हो सकता है कि सामान्य थर्मामीटर के चिह्नों से बढ़ जाता है।

हीटस्ट्रोक का निदान

  • उच्च तापमान और आर्द्रता के संपर्क में आने के लक्षण और इतिहास

हीटस्ट्रोक का निदान आमतौर पर स्पष्ट होता है। लोगों को तेज़ बुखार, दिमाग के ठीक काम न करने के लक्षण, और उच्च तापमान और आर्द्रता के संपर्क में आने का इतिहास होता है।

यदि निदान स्पष्ट न हो, तो, समान लक्षण पैदा करने वाले दूसरे विकारों के लिए परीक्षण किए जाते हैं, जैसे कि संक्रमण, दिल का दौरा, नशीली दवाओं का उपयोग, और अतिसक्रिय थायराइड ग्लैंड (हाइपोथायरॉइडिज़्म)।

हीटस्ट्रोक का इलाज

  • ठंडे पानी में रहना

  • वाष्पीकरण से ठंडा करने के उपाय

  • कभी-कभी नसों के माध्यम से ठंडे किए हुए तरल दिए जाते हैं

हीटस्ट्रोक से पीड़ित लोगों को तुरंत ठंडक पहुँचाना चाहिए और एंबुलेंस बुलाना चाहिए। अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का इंतज़ार करते समय, लोगों को ठंडे पानी में रखना चाहिए जैसे कि झील, जलधारा, या बाथटब में। डूबने का जोखिम कम करने के लिए, अगर व्यक्ति उलझन में है या सहयोग नहीं कर पा रहा है, तो इमर्सन नहीं किया जाना चाहिए। यदि पानी में रखना संभव न हो, शरीर पर पानी छिड़क कर और फिर सारे शरीर पर पंखे से हवा देकर (वाष्पीकरण से ठंडा करना) लोगों को ठंडा करना चाहिए। धुंध बनाने के लिए ठंडे पानी के बजाय थोड़ा गर्म या गुनगुना पानी बेहतर होता है, क्योंकि इससे लोगों के कंपकंपाने की संभावना कम होती है, जिससे ज़्यादा गर्मी पैदा होती है।

संक्रमण की वजह से आने वाले बुखार का इलाज करने के लिए बनी दवाओं (एस्पिरिन या एसिटामिनोफेन) का इस्तेमाल करने का कोई मतलब नहीं होता और ऐसा करने से बचना चाहिए।

क्या आप जानते हैं...

  • यदि अधिक गर्मी के संपर्क में आने वाले किसी व्यक्ति में भ्रम या दिमाग के ठीक से काम न करने के लक्षण विकसित हो जाते हैं, तो तुरंत एंबुलेंस बुलाएँ और ठंडा करने के उपाय शुरू करें।

अस्पताल में, आमतौर पर कपड़े हटाकर और प्रभावित त्वचा को पानी (गर्म या गुनगुना) या कभी-कभी बर्फ़ से ढँककर शरीर को तेज़ी से ठंडा किया जाता है। वाष्पीकरण बढ़ाने और शरीर को तेज़ी से ठंडा करने के लिए, शरीर पर हवा फ़ेंकने के लिए बड़े औद्योगिक पंखे (जिसका इस्तेमाल अक्सर जैनिटोरियल विभाग द्वारा किया जाता है) का इस्तेमाल किया जा सकता है। शरीर का तापमान बार-बार, अक्सर लगातार मापा जाता है। नसों के माध्यम से ठंडे तरल दिए जा सकते हैं। अधिक ठंडा करने से बचने के लिए, शरीर का तापमान 102°F (लगभाग 39°C) तक घट जाने पर ठंडा करने की प्रक्रिया को रोक दिया जाता है।

दौरे आना, कोमा, और दूसरे अंगों के ठीक से काम न करने पर इलाज की आवश्यकता हो सकती है। हीटस्ट्रोक का सर्वोत्तम इलाज अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट में होता है।

हीटस्ट्रोक का पूर्वानुमान

हीटस्ट्रोक से मृत्यु होने का जोखिम निम्नलिखित कारकों पर निर्भर करता है:

  • वयस्क की आयु कितनी है

  • बच्चे कितने छोटे हैं

  • कोई भी बीमारियाँ (जैसे कि हृदय, फेफड़े, किडनी, या लिवर के विकार) कितनी गंभीर हैं

  • शरीर का अधिकतम तापमान कितना है

  • शरीर का तापमान अत्यधिक ऊँचा कब तक बना रहता है